हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नए संगठन का गठन अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार को राजीव भवन, शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन का ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही, महिलाओं और युवाओं को संगठन में अहम स्थान दिया जाएगा।
रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अच्छा काम कर रही है, लेकिन उसका पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल सत्ता सुख चाहती है, और जहां-जहां विपक्ष की सरकार बनती है, वहां ऑपरेशन लोटस चलाकर उसे अस्थिर करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह झूठा प्रचार कर रही है कि कांग्रेस में एकता नहीं है, जबकि कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है और प्रदेश सरकार अच्छा काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल में परंपरा बदलेगी, और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी।
प्रदेश में कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन में “एक व्यक्ति, एक पद” का सिद्धांत लागू किया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश अध्यक्ष को बदलने का निर्णय पार्टी हाईकमान का क्षेत्राधिकार है। फिलहाल, केवल भंग की गई समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है।
बोर्ड और निगमों में ताजपोशी को लेकर रजनी पाटिल ने कहा कि सभी को सरकार में एडजस्ट करना संभव नहीं है। हालांकि, जो नेता अभी तक किसी पद पर नहीं आए हैं, उनके लिए सरकार के समक्ष यह मामला उठाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला आयोग के अध्यक्ष पद को जल्द ही भरा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!