हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के 100 सरकारी स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी के तहत गणित और अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 624 पद भरे जाएंगे।
यह भर्ती राज्य सरकार के उस फैसले का हिस्सा है, जिसके तहत मार्च 2026 से 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जाना है। कुल पदों में 312 अंग्रेजी और 312 गणित के शिक्षक शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को नियमित सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें फिक्स मानदेय के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। प्रत्येक शिक्षक को 30,000 रुपए प्रतिमाह का मानदेय दिया जाएगा, जो केवल 10 माह के शैक्षणिक सत्र के लिए मान्य होगा।
इन पदों पर नियुक्त शिक्षकों को नियमित कर्मचारियों को मिलने वाले भत्ते, पदोन्नति या पेंशन जैसी सुविधाएं नहीं दी जाएंगी। हालांकि, सरकारी कार्यों के लिए यात्रा करने पर नियमानुसार यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता दिया जाएगा। नियुक्ति की अधिकतम अवधि पांच वर्ष तय की गई है और इस दौरान शिक्षकों की तैनाती किसी भी सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूल में की जा सकती है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 21 फरवरी 2026 की रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है। आवेदन से पहले आयोग की वेबसाइट पर वन-टाइम रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा या स्क्रीनिंग टेस्ट के जरिए होगी, जिसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अंग्रेजी शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी का एमए अंग्रेजी और बीएड होना आवश्यक है, साथ ही स्नातक स्तर पर कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। गणित शिक्षक पद के लिए एमए या एमएससी गणित के साथ बीएड अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी। इन पदों के लिए टेट पास होना अनिवार्य नहीं रखा गया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!