Himachal: नशा मुक्ति केंद्र में युवक की रहस्यमयी मौत, भर्ती के 5 दिन बाद मचा हड़कंप

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर शहर के गौड़ा क्षेत्र में चल रहे एक नशा मुक्ति केंद्र में रविवार को एक युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक युवक सरकाघाट क्षेत्र से संबंध रखता था और उसकी मौत किन हालात में हुई, इसे लेकर पुलिस गहन जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल है।

मृतक की पहचान 29 वर्षीय साहिल ठाकुर के रूप में हुई है, जो लोअर बरोट फतेहपुर तहसील सरकाघाट जिला मंडी का निवासी था। जानकारी के अनुसार साहिल को उसके परिजनों ने 27 जनवरी को गौड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था। रविवार दोपहर को वह केंद्र के भीतर अचेत अवस्था में पाया गया।

जब नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत साहिल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक हुई मौत से परिजन और केंद्र से जुड़े लोग स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस की निगरानी में रविवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन कारणों से हुई और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही या अन्य पहलू जुड़े हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!