नगर निगम धर्मशाला के तहत आने वाले वार्ड नंबर-8 में उस समय सनसनी फैल गई, जब कंपनी बाग सकोह के कुनाल पत्थरी रोड पर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव एक पुरुष का प्रतीत हो रहा है, जिसकी उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास आंकी गई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया गया है, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात शव मिलने का मामला दर्ज कर लिया है और मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि यदि मृतक की पहचान हो जाती है और कोई परिजन सामने आता है तो शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। अन्यथा, नियमानुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!