Kangra: धर्मशाला में भाजपा का डबल धमाका! नगर निगम के बाद ब्लॉक समिति में भी कांग्रेस को बड़ा झटका

धर्मशाला की जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। नगर निगम धर्मशाला में 17 में से 11 वार्डों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत के बाद अब ब्लॉक समिति धर्मशाला में भी भाजपा समर्थित सदस्यों का दबदबा देखने को मिला है। इन नतीजों ने क्षेत्र की राजनीति में भाजपा की मजबूत स्थिति को और स्पष्ट कर दिया है।

ब्लॉक समिति के कुल 18 सदस्यों में से 14 सदस्य भाजपा समर्थित बताए जा रहे हैं, जिससे पूर्ण बहुमत के साथ ब्लॉक समिति के गठन का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम और ब्लॉक समिति दोनों चुनावों के परिणामों ने संकेत दिया है कि धर्मशाला क्षेत्र में भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।

वहीं कांग्रेस पार्टी को दोनों स्तरों पर निराशा हाथ लगी है। नगर निगम में बहुमत हासिल करने के साथ-साथ ब्लॉक समिति में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के बेहतर प्रदर्शन ने चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। चुनाव परिणामों को भाजपा समर्थक विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में जनसमर्थन के रूप में देख रहे हैं।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस जीत का श्रेय पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर शर्मा के नेतृत्व, संगठनात्मक रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया है। उनका कहना है कि नगर निगम के 17 में से 11 वार्डों में जीत और ब्लॉक समिति में 18 में से 14 सदस्यों का समर्थन इस बात का संकेत है कि जनता ने भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है।

Advertisement

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नतीजों का असर आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है। फिलहाल धर्मशाला में भाजपा समर्थकों के बीच जीत को लेकर उत्साह का माहौल है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!