Chamba: हिमाचल में 200 साल पुराना ऐतिहासिक गिरड़ माता मंदिर आग में खाक, तड़के 3:30 बजे लगी भीषण आग से मची अफरा-तफरी

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। ग्राम पंचायत खुंदेल के गिरड़ गांव में स्थित सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक गिरड़ माता मंदिर में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे मंदिर को अपनी चपेट में ले लिया। करीब दो सौ साल पुराना यह मंदिर कुछ ही समय में पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो गया, जिससे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को गहरा नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई, जब मंदिर में अचानक आग भड़क उठी। मंदिर देवदार की बहुमूल्य लकड़ियों से निर्मित था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। जब स्थानीय ग्रामीणों को आग लगने की सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे, तब तक मंदिर का पूरा ढांचा जल चुका था। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

इस अग्निकांड में मंदिर की इमारत के साथ-साथ उसके भीतर स्थापित ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को भी भारी क्षति पहुंची है। मंदिर में स्थापित संगमरमर और दुर्लभ ब्लैक स्टोन से बनी माता की प्राचीन मूर्तियां आग की तेज गर्मी से क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा मंदिर में रखी पीतल की ऐतिहासिक मूर्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। देवदार की लकड़ियों पर की गई प्राचीन और दुर्लभ नक्काशी, जो मंदिर की विशेष पहचान थी, अब पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मायूसी का माहौल है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!