Himachal: ₹12.2 लाख करोड़ का इंफ्रास्ट्रक्चर बूस्ट, हिमाचल को मिलेगा सीधा फायदा: सुधीर शर्मा

बजट 2026 को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने कहा है कि यह बजट रिकॉर्ड इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और रोजगार सृजन पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ करने का प्रस्ताव रखा है, जो देश को भविष्य की अर्थव्यवस्था के रूप में मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। इससे सड़कों, रेलवे, जलमार्गों, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक विस्तार को नई गति मिलेगी, साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

सुधीर शर्मा ने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर सरकार का विशेष फोकस हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। इससे शिमला, धर्मशाला, मंडी, सोलन और अन्य शहरों में निवेश बढ़ेगा, विकास कार्य तेज होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

उन्होंने कहा कि बजट में हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए ईको-फ्रेंडली माउंटेन कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा एक बड़ी सौगात है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

सुधीर शर्मा ने ₹10,000 करोड़ की बायो फार्मा शक्ति परियोजना को हिमाचल के फार्मा उद्योग, खासकर बद्दी-सोलन क्षेत्र, के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से निवेश, उत्पादन और रोजगार में अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिलेगी। इसके साथ ही आयुष सेक्टर को मजबूत करने की योजनाएं, मेडिकल टूरिज्म हब का प्रस्ताव और स्वास्थ्य क्षेत्र में रोकथाम व प्रारंभिक इलाज पर दिया गया जोर हिमाचल प्रदेश को नई पहचान और नए अवसर प्रदान करेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!