राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए, बीकॉम, बीएससी और बीवॉक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। नई शिक्षा नीति-2020 के तहत होने वाले इन दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 जून से शुरू हो चुके हैं। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इच्छुक छात्र-छात्राएं 19 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महाविद्यालय में कला, वाणिज्य, विज्ञान और बीवॉक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत कुल 23 विषयों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें अंग्रेजी, शिक्षा, अर्थशास्त्र, हिंदी, इतिहास, पत्रकारिता एवं जनसंचार, संगीत, शारीरिक शिक्षा, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, संस्कृत, समाजशास्त्र, पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन, वाणिज्य, बॉटनी, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, गणित, भौतिक विज्ञान, जूलॉजी, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म जैसे विषय शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एस. कटवाल ने बताया कि पहली केंद्रीकृत काउंसलिंग 20 जून को आयोजित की जाएगी और पहली मेरिट सूची उसी दिन शाम 5 बजे जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 21 जून से 23 जून तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
इसके बाद दूसरी केंद्रीकृत काउंसलिंग 24 जून को आयोजित की जाएगी। दूसरी मेरिट सूची 24 जून को शाम 3 बजे जारी की जाएगी और चयनित छात्र-छात्राएं 25 जून से 27 जून तक फीस जमा कर सकेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सभी आवेदकों का सुबह 9 बजे कॉलेज परिसर में उपस्थित होना अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी काउंसलिंग में उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें प्रवेश प्रक्रिया से बाहर माना जाएगा।
दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 28 जून से 30 जून तक ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, ताकि उन्हें नई शिक्षा नीति और महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराया जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!