हमीरपुर जिले के बस्सी बाजार में दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक हार्डवेयर दुकान से गल्ले में रखी 28 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। चोरी का पता उस समय चला, जब दुकानदार ग्राहक को पैसे लौटाने के लिए गल्ला खोलने पहुंचा और अंदर रखी पूरी नकदी गायब मिली। इस घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
हार्डवेयर दुकानदार अमन सोनी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। एक ग्राहक सामान खरीदने दुकान पर आया था। उसे पैसे लौटाने के लिए जैसे ही गल्ला खोला गया, तो उसमें रखे करीब 28 हजार रुपये गायब थे। दुकानदार ने बताया कि वह कुछ समय के लिए लेबर को छोड़ने पास की दूसरी दुकान गया था और इसी दौरान किसी ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस थाना भोरंज को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई और देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने चोरी के मामले में पीनू उर्फ प्रवीन कुमार पुत्र राकेश, निवासी चंबोह को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 12 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस शेष चोरी की राशि की बरामदगी के लिए जांच कर रही है और मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है और आगे की जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!