हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के अंतर्गत नगर पंचायत बनीखेत के वार्ड नंबर 7 में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर सोने के गहने उड़ा लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता भारती ठाकुर, निवासी मंडला जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर ने पुलिस को बताया कि वह बीते दिन अपने पति के साथ बनीखेत स्थित अपने मायके आई थीं। जब वह घर पहुंचीं तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद जब उन्होंने घर के अंदर जांच की तो अलमारी से करीब 45 ग्राम सोने के गहने गायब पाए गए। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने भारती ठाकुर के बयान दर्ज कर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और अन्य सुराग जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस चोरी की इस घटना को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!