धर्मशाला। कांगड़ा वैली कार्निवाल-2025 के छठे दिन आयोजित पंजाबी स्टार नाइट ने धर्मशाला को संगीत और उत्साह से सराबोर कर दिया। प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बु मान ने अपनी दमदार और भावनात्मक प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि हजारों दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए। मंच पर बब्बु मान के आते ही पूरा परिसर तालियों और जोश से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय गीतों पर युवा ही नहीं, बल्कि हर उम्र के लोग थिरकते दिखे और पूरा माहौल रोशनी, संगीत और उल्लास से भर गया।


इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बब्बु मान को सम्मानित करते हुए कहा कि आज का दिन प्रदेश और विशेषकर कांगड़ा जिले के लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज में भाईचारे, सांस्कृतिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा को भी मजबूती देते हैं।

आर.एस. बाली ने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल जैसे उत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संगीत और संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करती है और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती है। इस कार्निवाल के माध्यम से कलाकारों को बड़ा मंच मिल रहा है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को देशभर में प्रदर्शित कर पा रहे हैं।


पंजाबी स्टार नाइट के दौरान सूची, रोहित वोहरा और वर्षा कटोच की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। दिन के समय स्वयं सहायता समूहों की विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।





इस अवसर पर एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, धर्मशाला नगर निगम की मेयर नीनू शर्मा, पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी, धर्मशाला से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!