Himachal: ‘एप्पल मैन’ हरिमन शर्मा को मिलेगा पीएचडी का सम्मान, HRMN-99 से रचा इतिहास

हिमाचल प्रदेश के प्रगतिशील बागवान और ‘एप्पल मैन’ के नाम से देशभर में पहचान बना चुके पद्मश्री हरिमन शर्मा के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। गर्म इलाकों में भी सेब की सफल खेती संभव बनाने वाली HRMN-99 वैरायटी के जनक हरिमन शर्मा को जल्द ही डॉक्टरेट यानी पीएचडी की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

महात्मा ज्योति राव फुले विश्वविद्यालय, जयपुर ने हरिमन शर्मा को यह मानद उपाधि देने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय की चयन समिति ने देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों को यह सम्मान देने का फैसला किया है, जिसमें हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के पन्याला गांव के रहने वाले हरिमन शर्मा का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। उन्हें यह उपाधि 21 दिसंबर को जयपुर के आचरोल कैंपस में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में प्रदान की जाएगी। इस समारोह में वर्ष 2024 के स्नातक, परास्नातक और शोधार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी, साथ ही मेधावी छात्रों को स्वर्ण और रजत पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।

हरिमन शर्मा को यह सम्मान उनकी खोजी गई सेब की विशेष किस्म HRMN-99 के लिए दिया जा रहा है। इस वैरायटी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान वाले गर्म क्षेत्रों में भी सफलतापूर्वक फल देती है। उनके प्रयासों से अब तक देश के 29 राज्यों में इस किस्म के करीब 17 लाख पौधे रोपे जा चुके हैं। बागवानी के क्षेत्र में इस अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए उन्हें पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पद्मश्री सम्मान से नवाजा जा चुका है।

मानद पीएचडी के लिए चयनित होने पर हरिमन शर्मा ने खुशी जताई है। उन्होंने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महात्मा ज्योति राव फुले विश्वविद्यालय के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

हरिमन शर्मा ने बताया कि सेब की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अब उनका फोकस अन्य फलों पर है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे आड़ू, पलम और खुमानी जैसे फलों की बेहतर किस्मों के विकास और उनकी पैदावार को देशभर में बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!