हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने वीरवार को धारकंडी क्षेत्र के स्वर्ण जयंती ज्ञानोदय क्लस्टर श्रेष्ठ विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सल्ली में 15 लाख रुपये की लागत से तैयार स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण किया। इस स्मार्ट क्लासरूम में स्मार्ट टच पैनल सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा हासिल करने में मदद मिलेगी।
सल्ली पहुंचने पर स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने विधायक केवल सिंह पठानिया का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि धारकंडी क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करीब 64 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
धारकंडी में सड़कों पर खर्च हो रहे 64 करोड़ रुपये
विधायक ने बताया कि भनाला से रूलेड, लगबतूनी-मोर्च और भलेड़ से दरिणी सड़कों सहित क्षेत्र के अन्य मार्गों पर लगभग 64 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए एक महीने के भीतर 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। रिड़कमार से सल्ली सड़क पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन बरसात के दौरान लैंडस्लाइड होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। विधायक ने आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत जल्द करवाई जाएगी और सल्ली तक बस सेवा भी शीघ्र बहाल की जाएगी।
धारकंडी में स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी मजबूत
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धारकंडी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अपग्रेड करने की मंजूरी प्रदेश मंत्रिमंडल से मिल चुकी है। इससे आने वाले समय में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होने और क्षेत्र में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने का रास्ता खुलेगा।
उन्होंने बोह घाटी के प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेज देने के फैसले पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया।
शिक्षा विभाग ने गिनाए विकास कार्य, पंचायत प्रतिनिधियों ने रखीं मांगें
कार्यक्रम में शाहपुर के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अरविंद धीमान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से ब्लॉक में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
स्थानीय पंचायत प्रधान नर्सो देवी ने विधायक का स्वागत करते हुए पंचायत की प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सामुदायिक भवन का निर्माण, मुख्य सड़क की मरम्मत और संपर्क मार्गों को दुरुस्त करवाना शामिल रहा। वहीं, कनोल पंचायत के उपप्रधान निर्मल सिंह ने भी अपनी पंचायत से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं और उनके जल्द समाधान का आग्रह किया।
इस मौके पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कई विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता जल शक्ति दीपक गर्ग, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विकास सूद, मुख्य अभियंता विद्युत गौतम, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ. नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता गज प्रोजेक्ट अनिल शर्मा, बीडीओ रैत योगेंद्र, प्रधानाचार्य सल्ली राकेश कटोच, आरओ सुमित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भटियात विजय कंवर, पीटीएफ प्रधान दलजीत पठानिया, एसएमसी प्रधान सपना, सीएचटी पंकज मनकोटिया, अक्षय अत्री, नायब तहसीलदार राजिंदर पठानिया, हुक्मी देवी, निर्मल सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य रीतिका शर्मा और पूर्व उपप्रधान नंद लाल सहित धारकंडी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ और बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


