शाहपुर, 10 अक्तूबर। जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के ऑडिशन 12 से 15 अक्तूबर तक होंगे। ये ऑडिशन मिनी सचिवालय शाहपुर में आयोजित किए जाएंगे। शाहपुर के एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों के कलाकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑडिशन के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।
एसडीएम के अनुसार 12 अक्तूबर को धारकंडी क्षेत्र के कलाकारों के ऑडिशन होंगे। 13 अक्तूबर को शाहपुर क्षेत्र और 14 अक्तूबर को लंज क्षेत्र के कलाकार ऑडिशन दे सकेंगे। वहीं, 15 अक्तूबर को जिला कांगड़ा के अन्य क्षेत्रों के कलाकारों को मौका दिया जाएगा। इसके अलावा जो कलाकार किसी कारणवश निर्धारित तारीख पर पहले ऑडिशन में शामिल नहीं हो पाएंगे, वे भी 15 अक्तूबर को ऑडिशन दे सकेंगे।
सभी ऑडिशन मिनी सचिवालय शाहपुर के कमरा नंबर 115 में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के कलाकारों से निर्धारित तिथियों पर पहुंचकर ऑडिशन में भाग लेने की अपील की है।
इस ऑडिशन के जरिए कलाकारों को जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा और कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ऐसे में स्थानीय कलाकारों के लिए यह अपनी कला को बड़े मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मौका है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


