कांगड़ा। कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सोल वनेहड़ पंचायत निवासी अभिलाष पुत्र संजय चौधरी 27 अगस्त की शाम घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन वह घर से करीब 200 से 250 मीटर दूर पलाहनिया मोड़ के पास सड़क किनारे बदहवास हालत में मिला। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार अभिलाष जमा दो कक्षा में पढ़ता था। 27 अगस्त को शाम करीब चार बजे वह सोल वनेहड़ स्थित घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन के लिए निकला था। वह ट्यूशन सेंटर नहीं पहुंचा और देर शाम तक घर भी नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने लंबागांव थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक ने अभिलाष को पलाहनिया मोड़ के पास सड़क किनारे देखा। युवक ने सोशल मीडिया पर अभिलाष की गुमशुदगी की सूचना देखी थी। पहचान होने के बाद उसने पड़ोसी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों को अभिलाष के वहां होने का पता चला।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने अभिलाष को बेहद खराब हालत में पाया। उसके पैरों में चप्पल नहीं थी और वह ठीक से चल या बोल नहीं पा रहा था। परिजन उसे जयसिंहपुर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान पुलिस को दिए बयान में अभिलाष ने बताया था कि दो अज्ञात लोग उसे एक ट्राले में ले गए थे। छात्र के अनुसार दोनों लोगों ने उसे कुछ पिलाया और बाद में छोड़ दिया। उसने पुलिस के सामने दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं होने की बात कही थी।
परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान अभिलाष के लीवर और दोनों किडनियों पर गंभीर असर पड़ा। रविवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का कारण
अभिलाष की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उसने क्या पदार्थ लिया था और उसके शरीर पर उसका क्या असर हुआ, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अलग-अलग पहलुओं से जांच के लिए टीमें गठित की जाएंगी। छात्र के साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


