शाहपुर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बोह में बादल फटने से प्रभावित परिवारों के बीच विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया लगातार दूसरे दिन भी पहुंचे। उन्होंने राहत शिविर में रह रहे परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अपनी ओर से बड़ी मात्रा में राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने 10 क्विंटल आटा-चावल, दालें, 80 महिला सूट, महिलाओं के घरेलू उपयोग का सामान, 25 शालें, 100 पैंट-कमीज तथा अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं प्रभावित परिवारों को भेंट कीं।

इस अवसर पर एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं उपमुख्य सचेतक की धर्मपत्नी डॉ. सुनंदा पठानिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बोह में बनाए गए राहत शिविर में रह रहे परिवारों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तक हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सभी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक के निर्देश पर राहत शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। पांच चिकित्सकों की टीम ने लगभग 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें आपदा प्रभावित परिवारों के साथ धारकंडी क्षेत्र के अन्य लोग भी शामिल रहे। सभी जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। वहीं मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. अनीता ने लोगों को मानसिक स्वास्थ्य और तनाव से जुड़ी परामर्श सेवाएं भी प्रदान कीं।

इसके बाद केवल सिंह पठानिया शाहपुर विधानसभा के अंतिम गांव लाम पहुंचे, जो कांगड़ा और चंबा जिले की सीमा पर स्थित है। वहां उन्होंने भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
उन्होंने बोह राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए की गई राशन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान रोटरी क्लब शाहपुर के सदस्यों ने भी राहत सामग्री भेंट कर प्रभावित परिवारों की सहायता में योगदान दिया।

इस मौके पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल, सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. राकेश, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज गर्ग, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, रीतिका शर्मा, सरिता सैनी, नीना पठानिया, उपप्रधान सुरेश, पूर्व प्रधान पप्पू, शशि शर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


