चुराह उपमंडल की थनेईकोठी पंचायत से एक 16 वर्षीय किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और किशोर की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, हियाड़ गांव निवासी पानो पत्नी हरीश ने पुलिस थाना तीसा में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा, जो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेईकोठी में 10वीं कक्षा का छात्र है, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से स्कूल के लिए निकला था। छात्र ने परिजनों को बताया था कि उसे स्कूल बुलाया गया है और वह निजी बस से रवाना हुआ था।
हालांकि शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक से संपर्क किया। शिक्षक ने स्पष्ट किया कि छात्र उस दिन स्कूल पहुंचा ही नहीं था।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। आखिरकार परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!