Himachal Health Boost! Hans Foundation हर साल खर्च कर रहा ₹2 करोड़, Dialysis Center का उद्घाटन—R.S. Bali ने दी बड़ी सौगात

नगरोटा बगवां क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने बताया कि हंस फाउंडेशन हर साल इस क्षेत्र में लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। उन्होंने यह बात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ोह में 60 लाख रुपये की लागत से बने डायलिसिस सेंटर के उद्घाटन के दौरान कही।

इस मौके पर उन्होंने बताया कि हंस फाउंडेशन की मोबाइल मेडिकल यूनिट हर पंचायत में महीने में दो बार जाकर लोगों को घर-द्वार मुफ्त इलाज, जांच और दवाइयां उपलब्ध करवा रही है। अब बड़ोह स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित डायलिसिस सेंटर भी लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। उन्होंने कहा कि डायलिसिस का इलाज आमतौर पर काफी महंगा होता है, लेकिन यहां यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त दी जाएगी, जिससे लोगों को टांडा या अन्य बड़े अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस सेंटर में आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 14 साल की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने की भी अपील की और कहा कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाने में मदद करता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहने और इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठाने को कहा।

आर.एस. बाली ने हंस फाउंडेशन के संस्थापक मनोज भार्गव और श्वेता रावत का इस पहल के लिए धन्यवाद किया। साथ ही फाउंडेशन के अधिकारियों और हिमाचल प्रमुख विकास का भी सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बड़ोह स्वास्थ्य केंद्र में हर बुधवार महिला विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती की जाएगी, जो 29 अप्रैल 2026 से सेवाएं देना शुरू करेंगे।

इसके अलावा उन्होंने मोरथ जसाई में 2.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का शिलान्यास भी किया। इस केंद्र में एमबीबीएस डॉक्टर सहित पूरा स्टाफ और डॉक्टर के रहने की सुविधा भी होगी, जिससे आसपास की पंचायतों को भी लाभ मिलेगा। इस अवसर पर कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!