Mandi: IIT मंडी के छात्रों का जलवा! जापान की कंपनियों से 56 लाख तक के पैकेज, AI से मिला मौका

वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव के बीच भी भारतीय इंजीनियरिंग प्रतिभा ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित की है। आईआईटी मंडी सहित देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों के छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान की बड़ी कंपनियों में उच्च वेतन पैकेज हासिल किए हैं। एआई आधारित प्लेसमेंट प्लेटफॉर्म कॉग्नावी के जरिए आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में आईआईटी मंडी के 13 छात्रों का चयन हुआ है, जिन्हें 42.15 लाख से लेकर 56.27 लाख रुपये तक का वार्षिक पैकेज ऑफर किया गया है।

जापान में करियर शुरू करने वाले इन छात्रों में आईआईटी मंडी के अलावा आईआईटी मद्रास और एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थी भी शामिल हैं। यह भर्ती प्रक्रिया पारंपरिक तरीकों से अलग पूरी तरह आधुनिक तकनीक पर आधारित रही। जानकारी के अनुसार, देशभर से 127 छात्रों ने इस अवसर के लिए आवेदन किया था। एआई आधारित स्किल मैपिंग, वीडियो असेसमेंट और कल्चर फिट एनालिसिस के बाद 20 छात्रों को अंतिम चरण के लिए चुना गया, जिनमें से 13 को कड़े तकनीकी परीक्षणों के बाद नौकरी के ऑफर मिले।

चयनित छात्रों को जापान की अग्रणी मैन्युफैक्चरिंग और टेक कंपनियों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कॉग्नावी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीटीओ वरुण मोदगिल ने कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उसे वैश्विक अवसरों से जोड़ना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि एआई आधारित प्लेटफॉर्म इस दूरी को कम कर रहे हैं और भारतीय छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर के नए रास्ते खोल रहे हैं। कॉग्नावी फिलहाल देश के 300 से अधिक इंजीनियरिंग संस्थानों के साथ काम कर रहा है और भारतीय प्रतिभा को वैश्विक कंपनियों से जोड़ने की दिशा में तेजी से विस्तार कर रहा है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!