हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। शिमला से ठियोग की ओर जा रही यह प्राइवेट बस छराबड़ा क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई और पहाड़ी की तरफ बनी नाली में जा गिरी। तकनीकी खराबी के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक बस पर पूरा नियंत्रण नहीं रख सका।
जानकारी के मुताबिक बस सुबह शिमला से ठियोग के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस छराबड़ा के नजदीक पहुंची, उसमें अचानक तकनीकी खामी आ गई। इसी वजह से बस हल्के से सड़क से उतरकर किनारे बनी नाली में टेढ़ी होकर रुक गई। उस समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे।
घटना के तुरंत बाद यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन हालात जल्द ही सामान्य हो गए। आसपास मौजूद स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस सड़क किनारे नाली में एक तरफ झुक गई थी, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया। अगर बस की रफ्तार ज्यादा होती या सड़क पर ढलान अधिक होता तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!