पर्यटन नगरी मनाली के अलेउ क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। यहां एक खोखानुमा मकान अचानक आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पूरा ढांचा धू-धू कर जलकर राख हो गया। इस हादसे में मकान मालिक अमर चंद निवासी ब्रुआ को करीब 2 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मकान में रह रहे 5 किराएदार परिवारों का सारा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 11:30 बजे लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते और बचाव की कोशिश करते, तब तक मकान पूरी तरह आग की भेंट चढ़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मनाली अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निशमन केंद्र मनाली के प्रभारी सरनपत विष्ट ने बताया कि उनकी टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आसपास की करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया। उन्होंने बताया कि यह मकान ब्रुआ निवासी अमर चंद पुत्र किशन चंद का था, जिसमें पांच परिवार किराए पर रह रहे थे। आग में किराएदारों के कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और आग लगने के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत प्रदान की जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!