जिले में बिगड़ैल और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में हमीरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मॉडिफाई की गई आल्टो कार पर एक लाख रुपये का चालान काटा है। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह की अगुवाई में सोमवार दोपहर बाद गांधी चौक के समीप की गई।
जानकारी के अनुसार चालक ने मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों को दरकिनार करते हुए अपनी आल्टो कार के टायरों सहित अन्य हिस्सों में अवैध बदलाव करवाए थे। पुलिस जांच में यह साफ हुआ कि वाहन को बिना अनुमति मॉडिफाई किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, हमीरपुर पुलिस द्वारा यह अब तक का सबसे बड़ा चालान माना जा रहा है।
इसी दौरान सदर पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार में चल रही एक स्कूटी को भी जब्त किया। स्कूटी चालक ने नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। पुलिस की सख्ती का यह सिलसिला हाल की एक बड़ी कार्रवाई से जुड़ा है, जब करीब डेढ़ हफ्ते पहले बटक क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों से चिट्टा बरामद किया गया था। जांच के दौरान सामने आया था कि उस बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी और वह नंबर एक कार के नाम पर पंजीकृत था।
इस खुलासे के बाद पुलिस जिले भर में छोटे और बड़े सभी वाहनों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। एएसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!