Shimla: शिमला में पर्यटन सीजन की आड़ में बस ऑपरेटरों की मनमानी, बिना परमिट टूर कराती बस पकड़ी, ₹10 हजार का चालान

पर्यटन सीजन के दौरान शिमला शहर में निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी सामने आई है। स्टेज कैरिज परमिट पर चलने वाली लोकल बसें नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से कॉन्ट्रैक्ट कैरिज की तरह पर्यटकों के ग्रुप को पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवा रही थीं। इसी के चलते गुरुवार को आरटीओ शिमला की टीम ने ढली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक निजी बस को रंगे हाथों पकड़ लिया और मौके पर ही 10 हजार रुपये का चालान काट दिया।

जानकारी के अनुसार शिमला शहर में चलने वाली कुछ निजी बसें अपने तय रूट को छोड़कर पर्यटकों के ग्रुप को शिमला से कुफरी और अन्य पर्यटन स्थलों तक ले जा रही थीं। गुरुवार को आरटीओ शिमला की टीम ढली में निरीक्षण कर रही थी, इसी दौरान एक लोकल बस को रोका गया। बस में पर्यटकों का पूरा ग्रुप सवार था। जब चालक और परिचालक से कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट मांगा गया तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों के उल्लंघन पर आरटीओ टीम ने बस मालिक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर बस जब्त करने की चेतावनी भी दी।

परिवहन विभाग के नियमों के मुताबिक स्टेज कैरिज परमिट वाली बसें केवल निर्धारित रूट पर अलग-अलग यात्रियों को ढो सकती हैं। किसी टूरिस्ट ग्रुप को एक साथ ले जाने के लिए कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट या आरटीओ से विशेष अनुमति अनिवार्य होती है। बिना अनुमति स्टेज कैरिज बसों द्वारा पर्यटक समूहों को ले जाना साफ तौर पर नियमों का उल्लंघन है।

निजी बसों की इस मनमानी से शिमला के टैक्सी ऑपरेटरों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था। राजधानी टैक्सी मैक्सी वेलफेयर सोसायटी शिमला ने इस संबंध में आरटीओ शिमला से शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद विभाग ने यह कार्रवाई की।

बस ऑपरेटर की लापरवाही का खामियाजा पर्यटकों को भी भुगतना पड़ा। बस पकड़े जाने और कानूनी कार्रवाई के चलते बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों को बीच रास्ते में परेशानी झेलनी पड़ी।

आरटीओ शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने बताया कि नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बिना परमिट पर्यटकों को ले जाती बस पकड़ी गई है और 10 हजार रुपये का चालान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बार-बार नियम तोड़ने वालों की बसें जब्त की जाएंगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!