Kangra: कांगड़ा कार्निवाल की शुरुआत खास अंदाज में, दिव्यांग बच्चों के खेलों ने जीता दिल

कांगड़ा वैली कार्निवाल के शुभारंभ अवसर पर धर्मशाला के साई स्टेडियम में पहले ही दिन एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। कार्निवाल के पहले दिन दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। इस आयोजन ने कार्निवाल को एक मानवीय और संवेदनशील संदेश के साथ शुरू किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडलायुक्त विनोद कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे दिव्यांग बच्चों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को मंच देना, उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना और खेलों के माध्यम से उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बच्चों की ऊर्जा और उत्साह की सराहना करते हुए इसे सभी के लिए प्रेरणास्पद बताया।

इन विशेष खेल प्रतियोगिताओं में हार्मोनी डे केयर सेंटर दाड़णू के 25 और सूर्या उदय सेंटर खनियारा के 31 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान में बच्चों की मुस्कान और जोश ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।

कांगड़ा वैली कार्निवाल की इस शुरुआत ने यह संदेश दिया कि उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का भी अवसर होते हैं। दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित यह प्रतियोगिता कार्निवाल की सबसे खास झलक बनकर सामने आई।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!