Una: ऊना-अम्ब हाईवे पर दर्दनाक हादसा, हिट एंड रन में बाइक सवार की मौत, कार चालक फरार

अम्ब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदपुर के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय मदन शर्मा पुत्र अमीं चंद, निवासी अपर अन्दौरा के रूप में हुई है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे हुआ। मदन शर्मा अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी नंदपुर पुल के समीप ऊना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मदन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल मदन शर्मा को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी अम्ब रूप सिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फरार वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!