Una: 705 ग्राम अफीम और 200 ग्राम चरस केस का फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार! पुलिस ने पंजाब में दबिश देकर पकड़ा

अम्ब थाना पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े मामले में दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर में छापा मारकर आरोपी दीपक मिन्हास को पकड़ा।

यह मामला 25 सितंबर का है, जब अम्ब पुलिस टीम दोसड़का क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने एक कार को रोका था, जिसमें दो युवक सवार थे। तलाशी में कार से 705 ग्राम अफीम और 200 ग्राम चरस बरामद हुई थी।

कार चालक दीपक मिन्हास पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार समेत मौके से भागने में सफल हो गया था, जबकि उसका साथी रजत पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार लगी हुई थी।

इसी सिलसिले में एएसआई रजनीश, एएसआई रंजीत, आरक्षी निरंजन और महिला आरक्षी नीलम की टीम ने होशियारपुर में जाल बिछाकर दीपक को गिरफ्तार किया।

एसपी ऊना अमित यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!