Kullu: कुल्लू के आनी में दर्दनाक हादसा: भारी पत्थर गिरने से मां-बेटे की मौके पर ही मौत, गांव में छाया मातम

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है। आनी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बखनाओं के पूनन नामक स्थान पर गुरुवार दोपहर उस समय अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे जब पंचायत की काथला वार्ड सदस्य भारती देवी अपने बेटे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारती देवी अपने बेटे को चवाई स्थित स्कूल से लेकर जैसे ही पूनन क्षेत्र के पास पहुंचीं, तभी अचानक ऊपर पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने लगे। दोनों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और वे इन पत्थरों की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की पुष्टि करते हुए एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को तात्कालिक राहत के तौर पर ₹25,000 की सहायता राशि तत्काल प्रदान कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी इलाकों में विशेष सतर्कता बरतें और जहां संभव हो, सुरक्षित स्थानों पर रहें।

यह हादसा मानसून के मौसम में बढ़ते भूस्खलन और गिरते पत्थरों के खतरों की एक और कड़ी बन गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में रह रहे लोगों के लिए यह समय अत्यधिक जोखिम भरा होता है, और प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इस दिशा में और अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!