Himachal: मुख्यमंत्री ने दिखाई 24 अत्याधुनिक वोल्वो बसों को हरी झंडी, हिमाचल बनेगा देश का हरित ऊर्जा मॉडल

Date:

--Advertisement--

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को सोलन जिले के क्यारीघाट से 24 नई अत्याधुनिक वोल्वो बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार लोगों को विश्व स्तरीय परिवहन सुविधा प्रदान करने और राज्य को ‘ग्रीन एनर्जी स्टेट’ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) को बेहतर बनाने के लिए बीते दो वर्षों में हर वर्ष एक-एक हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस राशि का उद्देश्य प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक सरकार द्वारा 500 डीजल बसें, 300 इलेक्ट्रिक बसें और लगभग 30 वोल्वो बसें खरीदी जा चुकी हैं। साथ ही, भविष्य में 100 टेंपो ट्रैवलर बसें भी निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि HRTC को प्रत्येक माह ₹60 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है ताकि संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य में रेलवे और वायु परिवहन सुविधाएं सीमित हैं, इसलिए सड़कों और बस परिवहन पर ही निर्भरता अधिक है। इस स्थिति में HRTC प्रदेश के लोगों की आवाजाही का मुख्य साधन है और इसे लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हाइड्रोजन से चलने वाली बसों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही, राज्य में 110 करोड़ रुपये की लागत से अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जाएगी। इस पहल से न केवल हिमाचल का पर्यावरणीय संतुलन बना रहेगा, बल्कि राज्य का प्राकृतिक सौंदर्य भी सुरक्षित रहेगा और ‘ग्रीन हिमाचल’ का सपना साकार होगा।

इस कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अपनी 50वीं वर्षगांठ पूरी की है और यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि HRTC की बसें हिमाचल की जीवनरेखा हैं, जिनमें प्रतिदिन 4 से 5 लाख लोग सफर करते हैं। उन्होंने आम जनता से निगम की बसों को अपनाने और सहयोग देने की अपील की। उप-मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में 250 से अधिक डीजल बसें शुरू की हैं और जल्द ही 250 नई बसें भी निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि HRTC की बसें प्रदेश के दूरदराज के इलाकों में भी सेवा दे रही हैं और सरकार द्वारा निगम के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) सहित अन्य वित्तीय लाभ प्रदान किए गए हैं। साथ ही, प्रदेश में आवश्यकता के अनुसार नए बस अड्डों का भी निर्माण किया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि इन वोल्वो बसों की शुरुआत से प्रदेश की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, जोगिंद्रा को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चतर सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, HRTC के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल, बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति प्रो. राजेश्वर चंदेल, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा और पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

spot_img

Popular

More like this
Related

Kangra: धर्मशाला में ‘विशाल भारत’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, अखंड भारत से लेकर शांति और ऊर्जा सुरक्षा तक इन मुद्दों पर हुई चर्चा

धर्मशाला के श्री सत्य साईं एजुकेयर विद्या प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की ओर से ‘विशाल भारत’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में भारत की सांस्कृतिक चेतना, अखंड भारत की अवधारणा, विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

Kangra: कांगड़ा के पूर्व सैनिकों का बड़ा मिलन समारोह, 17 डोगरा के कर्नल आलोक बदोनी ने किया संबोधित; बोले- मेधावी बच्चों को सेना में...

मटौर के सागर गैलोरी होटल में एक्स सर्विसमैन कांगड़ा बटालियन के सौजन्य से मीट एंड ग्रीट समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 17 डोगरा के कर्नल आलोक बदोनी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पूर्व सैनिकों की सेवाओं को अमूल्य बताते हुए मेधावी और खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रशिक्षण देने की बात कही।

देहरा से लापता कृष शर्मा और साक्षिव कुमार का एक महीने बाद भी सुराग नहीं, ब्यास किनारे मिले थे बैग; परिजनों ने SP से...

हिमाचल के देहरा से 28 जुलाई को रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर के छात्र कृष शर्मा और साक्षिव कुमार का एक महीने बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों के बैग ब्यास नदी के किनारे मिले थे और पुलिस ने नदी में सर्च अभियान भी चलाया था। मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी देहरा से मुलाकात कर जांच तेज करने और विशेषज्ञ एजेंसियों की मदद लेने की मांग की।

गंगथ बाजार में शाम होते ही हुड़दंग! पत्थरों से कार के शीशे तोड़े, पहले भी 10 गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने का आरोप

गंगथ बाजार में सड़क किनारे खड़ी कार के शीशे पत्थरों से तोड़कर उसे भारी नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अनिल शर्मा ने पुलिस चौकी गंगथ में शिकायत दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम ढलते ही कुछ शरारती तत्व सक्रिय हो जाते हैं और इससे पहले भी करीब 10 गाड़ियों, बिजली मीटरों और स्ट्रीट लाइटों को नुकसान पहुंचाया जा चुका है।