हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग को 30 महीने बाद नया अध्यक्ष मिला है। सरकार ने कुल्लू जिले की मनाली तहसील के शनाग गांव निवासी विद्या नेगी को आयोग का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। यह नियुक्ति सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी अधिसूचना के माध्यम से की गई। यह आदेश हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग अधिनियम, 1996 (अधिनियम संख्या 22, वर्ष 1997) की धारा 3 (1) और नियम 4 (1) के तहत राज्य सरकार को प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, विद्या नेगी का कार्यकाल उनकी पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रारंभ होकर अगले तीन वर्षों तक रहेगा। उनकी सेवा शर्तें और वेतन-भत्ते हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग (वेतन और भत्ते तथा अध्यक्ष और सदस्यों की सेवा शर्तें) नियम, 1999 के अनुसार निर्धारित किए जाएंगे।

विद्या नेगी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का करीबी माना जाता है। उनके पास कांग्रेस पार्टी के विभिन्न अग्रिम संगठनों में लगभग तीन दशकों का अनुभव है। उन्होंने कुल्लू जिला महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, स्टेट सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर, जिला कांग्रेस कमेटी की सदस्य, ज्ञान विज्ञान समिति और राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर जैसी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए यह नियुक्ति की गई है।
यह नियुक्ति उस समय की गई है जब राज्य महिला आयोग में पिछले ढाई वर्षों से अध्यक्ष पद रिक्त होने के कारण महिलाओं की शिकायतों की सुनवाई नहीं हो पा रही थी। आयोग के पास घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न से संबंधित 1,500 से अधिक शिकायतें लंबित थीं। महिला आयोग में दर्ज अधिकांश शिकायतें घरेलू हिंसा से जुड़ी होती हैं, जिनकी सुनवाई का अधिकार केवल अध्यक्ष के पास होता है। कुछ शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की गई थीं जबकि कई महिलाएं स्वयं कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रख रही थीं।
महिला आयोग की अध्यक्ष राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर स्थानीय स्तर पर अदालतें लगाती हैं, जिससे दूरदराज़ की महिलाओं को शिमला आकर शिकायत दर्ज करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। आयोग कुछ मामलों को संबंधित पुलिस या विभाग को भेजता है, जबकि कुछ शिकायतों का समाधान अपने स्तर पर करता है। अध्यक्ष पद की यह नियुक्ति लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रही महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्या नेगी के अनुभव और सक्रियता को देखते हुए अब इन लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की उम्मीद की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!