हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल, कानून और विधि परामर्शी मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के जनहित, सामूहिक और सामाजिक कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वह अपने 40वें जन्मदिन के अवसर पर जयसिंहपुर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
यादविंद्र गोमा ने अपने जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम और मिले स्नेह के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर की जनता का आशीर्वाद और विश्वास उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों और जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में बीते वर्षों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जयसिंहपुर अस्पताल में 15 लाख रुपये की लागत से एक नई और आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई है। इसके साथ ही जल्द ही यहां डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी और ब्लड स्टोरेज यूनिट भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में जयसिंहपुर अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

यादविंद्र गोमा ने बताया कि काथला (हारसी) में 4.39 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डा और बस डिपो का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में जयसिंहपुर में करोड़ों रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। जन्मदिन के अवसर पर जयसिंहपुर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, आयुष विभाग और राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला की ओर से निशुल्क मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर और विकलांगता प्रमाण पत्र शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके साथ ही एक्ट ह्यूमन संस्था की ओर से विकलांग लोगों के लिए कृत्रिम अंगों का शिविर लगाया गया, जिसका पात्र लोगों ने लाभ उठाया। आयुष और स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया और नेत्र जांच शिविर भी आयोजित हुआ। इस दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कान की मशीनें और व्हीलचेयर भी प्रदान की गईं।

यादविंद्र गोमा के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने के लिए दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर वॉलीबॉल, कबड्डी, महिलाओं के लिए रस्साकशी और रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
गोमा ने जयसिंहपुर के सितारे कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया। स्वास्थ्य जांच शिविर में 390 लोगों ने जांच करवाई, जबकि रक्तदान शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस मौके पर आयुष मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में चंदन का पौधा भी रोपा।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, मंत्री की धर्मपत्नी नीलम गोमा, उनके भाई त्रिभुवन गोमा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, एडीएम संजीव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!