भारतीय पर्वतारोहण जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण में, देश की अग्रणी साहसिक संस्था व्हाइट एक्सपीडिशन ने पूर्वी हिमालय की प्रतिष्ठित और दुर्गम चोटी माउंट थिनचेनखांग (6010 मीटर) पर सफल चढ़ाई कर एक नया इतिहास रच दिया है। यह चोटी सिक्किम के कंचनजंगा नैशनल पार्क के भीतर स्थित है और अपनी तकनीकी कठिनाइयों के लिए जानी जाती है। टीम ने 8 मई को युक्सोम से अभियान की शुरुआत की और चार दिनों में लगभग 45 किलोमीटर की कठिन ट्रैकिंग करते हुए बेस कैंप तक पहुंच बनाई।
14 मई की रात 11 बजे अंतिम समिट पुश की शुरुआत हुई। बर्फीली रात, कठिन चढ़ाई और खतरनाक ढलानों से जूझते हुए टीम ने 15 मई की सुबह 8:40 बजे सफलता पूर्वक चोटी पर तिरंगा फहराया। यह क्षण न केवल टीम के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गया।
इस अभियान का नेतृत्व अनुभवी पर्वतारोही राहुल, जिन्हें रिकी माउंटेनियर के नाम से जाना जाता है, ने किया। उनके साथ सह-नेता निकिता ने महिला नेतृत्व का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग में आरोन शेरपा और थिनलेस ग्यात्सो जैसे लद्दाखी गाइडों की भूमिका अहम रही।
टीम में स्वप्ना, हर्षित और रेवंत भी शामिल थे, जिन्होंने पहली बार 6000 मीटर से ऊपर की चढ़ाई पूरी कर अपने साहस का परिचय दिया। यह अभियान न केवल साहसिकता का प्रतीक रहा, बल्कि इसने टीम भावना, नेतृत्व और प्रतिबद्धता की भी मिसाल पेश की।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!