हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी डॉ. अमरीन सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं। मंत्री शिलाई क्षेत्र के पश्मी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के आराध्य देव छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और शीश नवाया।
दर्शन के बाद विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज में उनकी और उनके परिवार की गहरी आस्था है। उन्होंने देवता के चरणों में नतमस्तक होकर हिमाचल प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
मंदिर में दर्शन के उपरांत लोक निर्माण मंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी दिक्कतें उनके सामने रखीं। लोगों ने खासतौर पर क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की मांग की। मंत्री ने सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ समाधान का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपने पिता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि शिलाई क्षेत्र और यहां के लोगों से उनके पिता का गहरा और आत्मीय रिश्ता रहा है। वे हमेशा इस क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों के हितों के लिए खड़े रहे। उन्होंने कहा कि वह भी अपने पिता के दिखाए रास्ते पर चलते हुए शिलाई के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!