Himachal: बड़ी उपलब्धि: वेदव्यास परिसर के 8 छात्रों ने NET-JRF परीक्षा में लहराया परचम, संस्थान में खुशी की लहर

केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर के लिए यह गर्व का क्षण है, जहां अध्ययनरत एक शोध छात्रा और सात पूर्व छात्रों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और जेआरएफ परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि से न केवल परिसर में उत्साह का माहौल है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी यह बड़ी प्रेरणा बन गई है।

परिसर निदेशक प्रोफेसर सत्यम कुमारी और बीएड (शिक्षा शास्त्री) विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यदेव ने जानकारी देते हुए बताया कि जेआरएफ परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वालों में साहित्य विभाग की शोध छात्रा निशा देवी के साथ-साथ पूर्व छात्रा प्रीति, दीपिका कौशल, गौरव अत्री, राहुल और शुभम भारद्वाज शामिल हैं। इन सभी छात्रों ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

इसके अलावा, पूर्व छात्र साहिल और रितिका नेगी ने भी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) में सफलता प्राप्त कर परिसर का नाम रोशन किया है। इनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि वेदव्यास परिसर छात्रों को उच्च स्तर की शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है।

इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए परिसर निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी और सहायक निदेशक प्रो. मंजूनाथ भट्ट ने कहा कि यह वेदव्यास परिसर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से न केवल सफल छात्रों का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। परिसर प्रशासन ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!