हरियाणा के सोनीपत जिले की खरखौदा थाना पुलिस ने चावल के लेन-देन में 48 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी अनुज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि ठगी गई रकम की बरामदगी की जा सके और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।
जानकारी के अनुसार, खरखौदा के मेन बाजार में अपने पिता की फर्म गर्ग एंटरप्राइज चलाने वाले अनिल ने 29 जुलाई 2023 को इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 5 मई 2023 को बहादुरगढ़ निवासी यशपाल का उनके पास फोन आया था, जो दिल्ली के नया बाजार में चावल की दलाली करता है। इसी बातचीत के दौरान दोनों के बीच चावल के बड़े सौदे को लेकर सहमति बनी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, डील फाइनल होने के बाद यशपाल ने व्हाट्सएप पर ‘ट्रेड एक्सपर्ट’ नाम से एक बैंक अकाउंट नंबर भेजा। अनिल ने उस खाते में आरटीजीएस के जरिए 48 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन पैसे भेजने के बाद न तो चावल की सप्लाई की गई और न ही रकम वापस लौटाई गई। ठगी का अहसास होने पर अनिल ने खरखौदा थाने में मामला दर्ज करवाया।
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम के उप निरीक्षक हरिप्रकाश ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुज को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पुलिस ठगी की रकम की बरामदगी और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
वहीं, इस मामले को लेकर जब एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा मामला सामने आया है, तो इसकी पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!