Solan: सोलन में रेलवे ट्रैक पर चला बुलडोजर, 40 झुग्गियां हटाईं, ठंड में बेघर हुए परिवारों का छलका दर्द

रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को सोलन के हैरिटेज रेलवे ट्रैक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरंग नंबर-35 के ऊपर और आसपास अवैध रूप से बसाई गई करीब 40 झुग्गियों को हटा दिया। रेलवे बोर्ड लंबे समय से इस क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर चिंतित था। अधिकारियों के अनुसार, बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद झुग्गियां नहीं हटाई जा रही थीं, बल्कि इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी, जिसके चलते सख्त कदम उठाना पड़ा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 से कई बार यहां रहने वाले लोगों को नोटिस दिए गए थे। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के मुताबिक, झुग्गियों में रहने वाले बच्चे कई बार रेलवे ट्रैक और चलती ट्रेनों पर ऊपर से पत्थर फेंक देते थे, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ था। इसके अलावा रेलवे का लोहा और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही थीं।

जिला प्रशासन की ओर से सोलन शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए पहले से ही एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस की टीमें शामिल हैं। व्यापारियों ने भी प्रशासन को सूचित किया था कि शहर में भिखारियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बताया गया कि ये लोग इन्हीं झुग्गियों में रहते हैं और इनके बच्चे माल रोड और बाजारों में ग्राहकों को परेशान करते हैं।

जब प्रशासन की टीम झुग्गियों को हटाने पहुंची तो वहां रह रहे प्रवासियों ने कार्रवाई का विरोध किया और कुछ दिन का समय मांगा। हालांकि प्रशासन ने साफ किया कि नियमों के अनुसार पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने कार्रवाई करते हुए झुग्गियों को ध्वस्त कर दिया। तहसीलदार राजीव रांटा ने बताया कि यह अभियान रेलवे के आग्रह पर चलाया गया है।

इस कार्रवाई के बाद बेघर हुए लोगों के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। रोशनी, सुनीता, काजल और बानों नाम की महिलाओं ने बताया कि कड़ाके की ठंड में वे अपने बच्चों और सामान के साथ कहां जाएं। उनका कहना था कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे थे और उन्हें आश्वासन दिया गया था कि फिलहाल उन्हें नहीं हटाया जाएगा, लेकिन अचानक यह कार्रवाई कर दी गई।

पार्षद राजीव कौड़ा ने बताया कि उन्होंने पहले भी इन अवैध झुग्गियों को हटाने की मांग प्रशासन से की थी। उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कहा कि जिन लोगों के पास रात बिताने के लिए कोई ठिकाना नहीं है, उन्हें नगर निगम के रैन बसेरा में रहने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!