Solan: सोलन में 297 नौकरियों का मौका, 6 फरवरी को जिला रोजगार कार्यालय में होगा बड़ा कैंपस इंटरव्यू

जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। 06 फरवरी, 2026 को विभिन्न निजी कंपनियों में कुल 297 पदों की भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि यह इंटरव्यू सुबह 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय सोलन में होंगे।

जगदीश कुमार के अनुसार बद्दी स्थित मैसर्ज़ वीनस रेमेडिज लिमिटेड में पेंटर, हेल्पर और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के 25 पद भरे जाएंगे। वहीं मैसर्ज़ विंसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज बद्दी में हेल्पर, डोफर, वाइंडर, फीटर और इलेक्ट्रीशियन के 115 पदों के लिए भर्ती होगी। नालागढ़ स्थित मैसर्ज़ ईस्टमैन ऑटो एंड पावर लिमिटेड में आईटीआई और नॉन आईटीआई श्रेणी के 150 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा मैसर्ज़ क्लब महिंद्रा कण्डाघाट में रूम अटेंडेंट, हाउसकीपिंग और सुपरवाइजर के 7 पदों के लिए भी कैंपस इंटरव्यू होंगे।

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, एचएम, आईटीआई सभी ट्रेड, बी फार्मा निर्धारित की गई है। आयु सीमा 20 से 38 वर्ष के बीच रखी गई है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि सभी पदों की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवारों को ईईएमआईएस पोर्टल पर कैंडिडेट लॉगइन के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन करना होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन से पहले उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी 06 फरवरी, 2026 को सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र और दस्तावेज साथ लेकर जिला रोजगार कार्यालय सोलन में कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार जिला रोजगार कार्यालय सोलन से संपर्क कर सकते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!