Himachal: शिमला में दर्दनाक हादसों की डबल मार: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार, चंडीगढ़ दंपति समेत 3 की मौत

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला जिले में शनिवार को दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में चंडीगढ़ के एक दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा पुलिस थाना कुमारसैन के तहत जब्बलपुर के पास शनिवार सुबह हुआ। एक थार गाड़ी (HR 98X-1948) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे जाबल नाले में जा गिरी। स्थानीय निवासी रोहित कुमार ने बताया कि सुबह जोरदार धमाके की आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो गाड़ी नाले में गिरी हुई दिखाई दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चालक अंकुर राजपाल पुत्र पृथ्वी राज राजपाल निवासी सेक्टर 48ए, चंडीगढ़ गाड़ी से बाहर छिटक गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, उसकी पत्नी अपराजिता सीट बेल्ट से बंधी गाड़ी के अंदर घायल अवस्था में फंसी हुई थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिए कोटगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, लेकिन ठियोग के पास उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ।

दूसरा हादसा देहा पुलिस थाना क्षेत्र में पेश आया। जुब्बड़ निवासी मेहर सिंह ने बताया कि रात को छत पर भारी चीज के टकराने की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो देखा कि एक कार (HP 14C-4384) उनके घर की छत से टकराकर नीचे भूप सिंह के घर के पास अटकी हुई थी। कार चालक की पहचान नरेश पुत्र मीतू राम निवासी दोची, जिला सिरमौर के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसों का मुख्य कारण माना जा रहा है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!