हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय चिट्टा तस्करी के संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के बिजनौर से इसके मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले की शुरुआत 26 मार्च 2026 को हुई, जब रोहड़ू पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुदड़ू मोहल्ला स्थित एक दुकान में नशे की खरीद-फरोख्त हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और पिन्कू राम (36) और सुनील पुहारता (24) को 53.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि रोहड़ू का पिन्कू राम, उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी सलमान हैदर (39) के लिए काम कर रहा था, जो इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था।
बताया जा रहा है कि सलमान हैदर पहले रोहड़ू बाजार में मैकेनिक का काम कर चुका है। इसी दौरान उसने स्थानीय युवाओं से संपर्क बनाकर एक मजबूत सप्लाई नेटवर्क तैयार किया। वह बिजनौर से चिट्टा हिमाचल भेजता था, जिसे यहां ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
नेटवर्क का पता चलते ही शिमला पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर उत्तर प्रदेश रवाना किया। लगातार निगरानी और पीछा करने के बाद पुलिस ने सलमान हैदर को उसके पैतृक स्थान बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!