शिमला जिला में गैस सिलेंडर और ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने वीरवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गैस आपूर्ति कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सरकार द्वारा तय प्राथमिकताओं के अनुसार होगी, जिसमें अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे जैसी संस्थाओं को नियमित आपूर्ति दी जाएगी।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिले में किसी भी स्थान पर घरेलू एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह से निरंतर जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन वस्तुओं का अनावश्यक भंडारण न करें और प्रशासन को सहयोग दें।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन तेल विपणन कंपनियों के साथ लगातार समन्वय में है और स्थिति की निगरानी सुनिश्चित कर रहा है ताकि आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे। सभी उपमंडल दंडाधिकारी प्रतिदिन पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा कर रिपोर्ट भेज रहे हैं। इसके साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग की भी जांच की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि बड़े विकास कार्यों में मशीनरी के लिए आवश्यक डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी ताकि कोई भी निर्माण या विकास कार्य बाधित न हो। इस बैठक में एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर, जिला नियंत्रक नरेंद्र धीमान, डीएसपी सिटी गुलशन नेगी और एफएसओ अनीता ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!