शिमला के संजौली और चौपाल में दो अलग-अलग मामलों में संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुए हैं। पहला मामला संजौली के कब्रिस्तान के पास का है, जहां 24 वर्षीय युवक का शव मिला। पुलिस को मौके से शराब और नशीली सामग्री बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत ड्रग्स की ओवरडोज से हुई है। मृतक की पहचान साहिल (24) निवासी बलद्वाड़ा, जिला मंडी के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह ढली पुलिस थाना को सूचना मिली कि कब्रिस्तान के पास एक युवक बेहोश पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरा मामला चौपाल के मड़ावग क्षेत्र का है, जहां हेमराज (45) पुत्र स्व. दुला राम, निवासी गांव कोटी, डाकघर मड़ावग, तहसील चौपाल का शव सिविल सोसायटी के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को सीएचसी मड़ावग ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि हेमराज गुरुवार को बाजार गया था लेकिन खराब मौसम के कारण घर नहीं लौट सका। शुक्रवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि हेमराज का शव सोसायटी के पास मिला है। उन्होंने इस पर कोई संदेह नहीं जताया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चौपाल भेज दिया गया।
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि संजौली में मिले युवक के शव का पोस्टमार्टम आईजीएमसी में करवाया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। वहीं, चौपाल के मड़ावग में मिले शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!