Himachal: शिलारू कृषि उपज मंडी का विधिवत शुभारंभ, किसानों को मिलेगी ग्रेडिंग-पैकिंग से बढ़िया कीमत

शिलारू, ठियोग – हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने शिलारू में नव निर्मित कृषि उपज मंडी का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि किसी भी उत्पाद को सही दाम तभी मिलते हैं जब उसकी मार्केटिंग, ग्रेडिंग और पैकिंग उचित ढंग से की जाती है। उन्होंने विशेष रूप से सेब का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी कीमत भी पूरी तरह से उसकी गुणवत्ता और पैकिंग पर निर्भर करती है।

कृषि मंत्री ने बताया कि शिलारू की इस कृषि उपज मंडी का ऑनलाइन उद्घाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 18 जून 2025 को किया गया था, और अब इसका संचालन पूरी तरह से आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने स्थानीय किसानों और बागवानों से आग्रह किया कि वे केवल सेब तक ही सीमित न रहें, बल्कि मंडी में सब्जियां भी लाएं ताकि उन्हें इनकी भी उचित कीमत मिल सके।

मंत्री ने जानकारी दी कि आने वाले समय में इस मंडी को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा जिससे किसानों को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बनाया जा सकेगा। इस मंडी में वर्तमान में 28 दुकानें, कार्यालय, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मंडी को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त बजट की व्यवस्था की जाएगी।

प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) का उद्देश्य किसानों को बड़े खुदरा विक्रेताओं के शोषण से बचाना और खेत से बाजार तक मूल्य में होने वाले अंतर को नियंत्रित करना है। उन्होंने इस मौके पर पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स का सपना था कि शिलारू में एक कृषि मंडी स्थापित हो, जो आज साकार हुआ है। उन्होंने मंडी को सड़क से जोड़ने की मांग की और किसानों की सुविधा के लिए सॉइल टेस्ट लैब और ट्यूनिक गार्डन की स्थापना की आवश्यकता भी जताई।

शिमला-किन्नौर एपीएमसी के अध्यक्ष देवानंद वर्मा ने मंडी में शेड बनाने, सफाई कर्मचारी तैनात करने और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस उद्घाटन कार्यक्रम में उपमंडल अधिकारी (ना०) ठियोग शशांक गुप्ता, उपमंडल अधिकारी (ना०) कुमारसैन मुकेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य राजेश कँवर और उज्ज्वल मेहता, ग्राम पंचायत प्रधान रीता भारद्वाज सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!