शाहपुर के राजकीय महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह इस बार खास रहा। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए और विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बड़ा संदेश दिया कि शिक्षा ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है।

अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह केवल पुरस्कार बांटने का कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि यह विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना न सिर्फ उनका आत्मविश्वास बढ़ाता है, बल्कि पूरे संस्थान में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उपलब्धि की संस्कृति विकसित करता है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के समग्र विकास का माध्यम है। शिक्षा के जरिए ही समाज में जागरूकता, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें, दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ मेहनत करें और निरंतर प्रयास करते रहें। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और समर्पण से ही सफलता मिलती है।

इस अवसर पर मुख्यातिथि ने महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिम स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ और मजबूत होना भी जरूरी है, इसलिए जिम की स्थापना से छात्रों को बड़ा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यातिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नशा निवारण पर आधारित लघुनाटिका ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया और समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया।

समारोह में अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, प्रधानाचार्य आईटीआई शाहपुर चैन सिंह, बीडीओ रैत कमलजीत, डॉ. नीरज, डॉ. विनोद, डॉ. बलविंदर, प्रधानाचार्य शमशेर भारती, प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल, बीईईओ मिनटों देवी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, नीना ठाकुर, थाना प्रभारी शाहपुर राजेंद्र, सरिता सैनी, नीना पठानिया, पुष्पा जरयाल, सेवा निवृत्त कैप्टन बलि राम, पूर्व अजय बबली, कमल कटोच, ईशान शर्मा, कॉलेज स्टाफ, गणमान्य नागरिक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!