शिमला के संजौली क्षेत्र में विवादित मस्जिद को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। देवभूमि संघर्ष समिति ने मंगलवार सुबह संजौली थाने के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया। समिति का कहना है कि जब तक उनकी तीन प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन नहीं रुकेगा।
समिति की तीन मुख्य मांगें
1. बीते शुक्रवार को समिति के 6 सदस्यों (जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल) पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए।
2. विवादित मस्जिद का बिजली और पानी कनेक्शन तुरंत काटा जाए।
3. अदालत के आदेश के अनुसार पूरे अवैध ढांचे को तुरंत ध्वस्त किया जाए।
शुक्रवार की घटना के बाद भड़का विवाद
विवाद तब दोबारा उभर आया जब शुक्रवार को संघर्ष समिति ने अदालत द्वारा अवैध घोषित मस्जिद में बाहरी राज्यों से आए लोगों को नमाज पढ़ने से रोका।
इस दौरान दोनों समुदायों में कहासुनी हुई और कई लोग बिना नमाज पढ़े वापस लौट गए।
घटना के बाद संजौली पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में समिति के 6 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया। यही एफआईआर अब आंदोलन की बड़ी वजह बन गई है।
समिति के आरोप
समिति के सह संयोजक मदन ठाकुर का कहना है कि FIR दर्ज कर कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है।
वहीं पदाधिकारी विकास थापटा का आरोप है कि नगर निगम आयुक्त द्वारा जारी मस्जिद गिराने का आदेश जिला अदालत भी सही ठहरा चुकी है, फिर भी अवैध ढांचा जस का तस खड़ा है और मस्जिद में गतिविधियां जारी हैं।
स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण है और पुलिस पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाए हुए है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!