हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के चड़ाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 3 बजे हुई। स्विफ्ट कार (HP 88A 6058) चड़ाना के पास अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे खाई में गिर गई। उस समय कार में तीन लोग सवार थे। इस हादसे में झारखंड के सिमडिंग जिले के वीपीओ कौल मोजरा निवासी गुलशन पुत्र राम विसाग और शिमला के कुलग निवासी नरेश कुमार पुत्र बारुराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुबह तड़के संगड़ाह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
वहीं, इस हादसे में कार चालक विपिन कुमार पुत्र मलकियत, निवासी चितरला, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!