हिमाचल प्रदेश की सैंज घाटी में वन संपदा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क की वाइल्ड लाइफ टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अवैध रूप से ले जाई जा रही अखरोट की छाल, जिसे दंदासा भी कहा जाता है, की 28 बोरियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई सैंज वाइल्ड लाइफ रेंज के अंतर्गत रोपा चैक पोस्ट पर की गई, जहां शुक्रवार सुबह विभाग की टीम ने नियमित जांच के तहत नाका लगाया हुआ था।
जांच के दौरान टीम ने एक संदिग्ध जीप (नंबर 32 ए 2937) को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान जीप में छिपाकर रखी गई अखरोट की छाल की 28 बोरियां बरामद हुईं, जिन्हें अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलते ही सैंज पुलिस मौके पर पहुंची और जीप को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने जीप चालक बर चंद, निवासी भराड़, डाकघर व तहसील थुनाग, जिला मंडी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही जीप को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पता लगाया जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!