Kangra: सड़क सुरक्षा पर छात्रों ने दिखाई जागरूकता की मिसाल, निबंध और भाषण प्रतियोगिता में उभरे नए विचार

राजकीय महाविद्यालय रिडकमार के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा 24 और 25 फरवरी को सड़क सुरक्षा विषय पर निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात नियमों के पालन की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया और सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

24 फरवरी को आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनके दुष्परिणाम और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से लिखा। छात्रों ने यह भी बताया कि किस तरह छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों में बदल जाती हैं। इस प्रतियोगिता में कल्पना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, आरती चौहान दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि रक्षा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके बाद 25 फरवरी को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, नशे में वाहन चलाने के खतरों और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर प्रभावशाली भाषण दिए। भाषण प्रतियोगिता में सुहानी ने पहला स्थान प्राप्त किया। अवंतिका और शिक्षा ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कल्पना और सकीना ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया और उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन और रोड सेफ्टी क्लब ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!