भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि झूठी गारंटियों के सहारे बनी सरकार से प्रदेश की जनता का भरोसा उठ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में सुशासन के बजाय अराजकता का माहौल बन गया है, जिसका ताजा उदाहरण नालागढ़ गैंगवार और ऊना की घटनाएं हैं। डॉ. बिंदल रविवार को चैलचौक में आयोजित नाचन भाजपा के चच्योट और नाचन मंडल की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और जनता के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। मौजूदा सरकार न तो कानून-व्यवस्था संभाल पा रही है और न ही विकास की रफ्तार को आगे बढ़ा पा रही है, जिससे आम लोगों में भारी नाराजगी है।
बैठक के दौरान डॉ. बिंदल ने दोनों मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर ग्राम केंद्र तक संगठन को मजबूत और एकजुट रखने पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसका अनुशासित संगठन और जमीनी कार्यकर्ता हैं।
इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की सराहना करते हुए बताया कि आपदा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए केंद्र सरकार ने 601 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राहत राशि प्रदेश सरकार को भेजी है। उन्होंने कहा कि यह राशि आपदा से हुए भारी नुकसान की भरपाई करने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और विकास कार्यों को तेजी देने में मददगार साबित होगी। बैठक में नाचन मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!