हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पंजाब के बीत क्षेत्र के गांव मैंहदवानी गुर्जर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 62 वर्षीय महिला की अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान रचना देवी, पत्नी शाम लाल, के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, रचना देवी सुबह करीब 6 बजे एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा और महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर ने महिला पर कुल चार गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां रचना देवी को लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि महिला की हालत बेहद गंभीर थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी इंचार्ज बीनेवाल ओंकार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने और हमलावर की तलाश में जुटी हुई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!