Himachal: हिमाचल की बेटी प्रिया ठाकुर ने रचा इतिहास, 400 मीटर दौड़ में गोल्ड जीतने पर CM सुक्खू ने दी बधाई

हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का पल सामने आया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश की होनहार एथलीट प्रिया ठाकुर को 85वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025-26 में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 12 से 16 जनवरी 2026 तक बेंगलुरु और मंगलौर में आयोजित की गई थी।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हमीरपुर डिग्री कॉलेज की छात्रा और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाली प्रिया ठाकुर ने 53.33 सेकंड का शानदार समय लेकर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने प्रिया के इस प्रदर्शन को प्रदेश के लिए सम्मान और गौरव का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रिया ठाकुर की यह सफलता न केवल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली उपलब्धि भी है। उन्होंने प्रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!