Sirmaur: बहराल चेक पोस्ट पर पुलिस का बड़ा एक्शन, बाइक से नशीली दवाओं की खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पांवटा साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर बहराल चेक पोस्ट के पास की गई, जहां पुलिस पहले से ही सतर्क थी।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने बहराल चेक पोस्ट से कुछ दूरी पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक वहां से गुजरती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस ने जांच के लिए रोका। जब पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से 47 नशीले कैप्सूल और 105 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहीदु रहमान निवासी भगवानपुर किरतपुर, पुरुवाला और काशम अली निवासी रामपुर बंजारन, धौलाकुआं के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह एक गंभीर मामला है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी यह नशीली दवाएं कहां से लेकर आए थे और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!